
Varanasi News: ट्रोजन और SMS फॉरवर्डर आधारित फर्जी APK फाइल भेजकर 42.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झारखंड के धनबाद से गैंग के सरगना सहित पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज, बिना नंबर की कार और नकदी बरामद हुई है।
यह कार्रवाई 8 दिसंबर 2025 को दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पीड़ित मदन मोहन मिश्रा (निवासी तिवारीपुर, थाना चोलापुर/चैबेपुर क्षेत्र) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से 42,50,000 रुपये की अवैध निकासी की गई। मामले में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम धनबाद (झारखंड) पहुंची और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे करते थे साइबर ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ट्रोजन व SMS फॉरवर्डर आधारित APK फाइल व्हाट्सएप या अन्य माध्यम से भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस फाइल को डाउनलोड करता, अपराधी उसके मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग की यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP चुराकर खातों से रकम ‘म्यूल बैंक अकाउंट’ में ट्रांसफर कर नकद निकाल लेते थे।
इसके अलावा गिरोह फर्जी ग्राम प्रधान लेटर पैड, मुहर और ब्लैंक आधार अपडेट फॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों के आधार कार्ड में पता बदल देता था। बदले हुए आधार के आधार पर बैंक खाते खुलवाए जाते और उन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 सिम कार्ड, 2 नोटिस (धारा 41ए सीआरपीसी, दिल्ली पुलिस), 1 मुखिया की फर्जी मुहर व पैड, 5 ब्लैंक आधार अपडेट फॉर्म, बिना नंबर की ब्रेजा कार और 66,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शमीम अंसारी, फकरूद्दीन उर्फ निरंजन, नसीम अंसारी, शाहबुद्दीन अंसारी और साहब लाल मरांडी शामिल हैं। सभी झारखंड के धनबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
ALSO READ – 9 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट: युवाओं को 10 लाख नौकरी का वादा, निवेश और महिलाओं पर बड़ा दांव