महाशिवरात्रि पर दूल्हे बने बाबा विश्वनाथ, एक झलक को उमड़ा जनसैलाब

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में रविवार सुबह से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर चार किलोमीटर से भी लंबी कतारें लग गईं। मंदिर कॉरिडोर, आसपास की गलियों, घाटों और सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी। मात्र एक घंटे के भीतर 30 से 40 हजार भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 6:40 बजे तक 1.60 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इसके बाद यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा और सुबह 7 बजे तक दो लाख तथा 9 बजे तक चार लाख श्रद्धालु बाबा के दरबार में हाजिरी लगा चुके थे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर बाद भगवान शिव को दूल्हे के रूप में सजाया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। मंदिर प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान 45 घंटे तक स्पर्श दर्शन बंद रखा गया है, जबकि सामान्य दर्शन की व्यवस्था जारी है।

गंगा घाट से लेकर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तक हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। काशी के अन्य शिवालयों और मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। दूर-दराज से आए भक्तों ने गंगा स्नान कर बाबा के दर्शन किए और पुण्य लाभ प्राप्त किया।

मंदिर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराया जा सके।

ALSO READ – अब साइबर ठगों की खैर नहीं! MuleHunter.ai से RBI करेगा म्यूल अकाउंट की पहचान


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *