
Railway new berth rules: भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड ने ऑन-बोर्ड स्टाफ के लिए एसी फर्स्ट और एसी सेकेंड क्लास में आरक्षित रहने वाली बर्थ को खत्म कर दिया है। अब ये सीटें आम यात्रियों की बुकिंग के लिए उपलब्ध होंगी, जिससे वेटिंग लिस्ट कम होने की उम्मीद है।
रेलवे ने इस संबंध में 2016 और 2018 के पुराने सभी सर्कुलर रद्द करते हुए नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है।
अब AC First-Second में स्टाफ को नहीं मिलेगी सीट
नई व्यवस्था के तहत एसी फर्स्ट और एसी सेकेंड क्लास में स्टाफ के लिए कोई बर्थ आवंटित नहीं की जाएगी। पूरी एसी ट्रेन में स्टाफ के लिए केवल थर्ड एसी में दो सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसके अलावा, जिन ट्रेनों में स्लीपर कोच मौजूद है, उनमें एसी मेंटेनेंस स्टाफ को स्लीपर क्लास में ही स्थानांतरित किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, इससे हर ट्रेन में औसतन चार से छह प्रीमियम सीटें अतिरिक्त रूप से यात्रियों के लिए उपलब्ध हो सकेंगी।
सफाई व्यवस्था के लिए ‘स्प्रेड मॉडल’ लागू
रेलवे ने ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए नया ‘स्प्रेड मॉडल’ लागू किया है। इसके तहत स्टाफ को एक ही कोच में रखने के बजाय ट्रेन के अलग-अलग चार कोचों में एक-एक साइड लोअर बर्थ दी जाएगी।
इसका उद्देश्य पूरी ट्रेन में सफाई व्यवस्था की बेहतर निगरानी और यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है।
वेंडिंग स्टाफ के लिए भी सख्त नियम
रेलवे ने वेंडिंग स्टाफ के नियमों में भी बदलाव किया है। जिन ट्रेनों में पेंट्री कार मौजूद है, उनमें वेंडरों को यात्री कोच में कोई सीट नहीं दी जाएगी और उन्हें पेंट्री कार में ही रहना होगा।
हालांकि, जिन ट्रेनों में पेंट्री कार नहीं है, वहां वेंडिंग स्टाफ को स्लीपर क्लास में दो बर्थ मिलती रहेंगी।
खाली सीट अब वेटिंग यात्रियों को मिलेगी
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि सफाईकर्मी या अन्य स्टाफ ट्रेन में सवार नहीं होते हैं, तो इसकी सूचना वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को दी जाएगी।
ऐसी स्थिति में खाली बर्थ अगले स्टेशन पर वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को आवंटित कर दी जाएगी, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारी ने कही यह बात
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और आरक्षण प्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
ALSO READ – चंदौली रिंग रोड पर भीषण टक्कर: टैंकर-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक को JCB से निकाला