होली पर चंदौली में बवाल: शराबियों ने पुलिस टीम को घेरा, उपनिरीक्षक समेत दो गंभीर, 19 पर मुकदमा दर्ज

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में एक उपनिरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 13 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है घटना चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र की है।

शांति व्यवस्था के दौरान हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार और चालक हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव होली के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। पुलिस टीम पहले परशुरामपुर स्थित शराब ठेके के पास पहुंची, जहां कुछ लोग पटाखे जला रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाकर वहां से हटा दिया।

इसके बाद पुलिस टीम हापुड़ कॉलोनी चौराहे के पास पहुंची। यहां होलिका के निकट कुछ लोग शराब पीकर उत्पात मचा रहे थे। पुलिस द्वारा मना करने पर मामला अचानक बिगड़ गया।

पुलिस टीम को घेरकर किया हमला

आरोप है कि गौतम चौहान, मुकेश चौहान, संतोष यादव, गोलू चौहान, लवकुश चौहान, अमित चौहान (निवासी मवई खुर्द), बाबू चौहान, साधू, विनेश (लोको कॉलोनी), अंकज पासवान (तारनपुर अमोघपुर), चंदन उर्फ सेठ जी, विशाल चौहान, वीरेंद्र यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

हालत गंभीर, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

19 आरोपियों पर केस दर्ज, सख्त कार्रवाई का आश्वासन

पुलिस ने 13 नामजद और 6 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

इस संबंध में पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) सहित आधा दर्जन से अधिक धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – एक गलती… और लाइसेंस सस्पेंड! सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार का आया बड़ा फैसला


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *