
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने काशी में ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का स्थान अत्यंत उच्च है और वे जहां भी जाएंगे, उनका स्वागत किया जाएगा। एक रामभक्त होने के नाते वह स्वयं उनके अभिनंदन के लिए तैयार हैं।
गोहत्या विवाद पर सरकार का पक्ष
शंकराचार्य द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार पर लगाए गए गोहत्या से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। सरकार गौ माता के प्रति आस्था रखती है और किसी भी अपराधी की इतनी हैसियत नहीं कि वह गौ माता को नुकसान पहुंचा सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गाय माता हैं और उनकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। गौ माता के सम्मान को लेकर अलग से दर्जा देने की आवश्यकता नहीं है।
सपा और अखिलेश यादव पर तीखा हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने उन्हें ‘ढोंगी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान रामभक्तों, शिवभक्तों और गौभक्तों का दमन किया गया तथा गौ तस्करों को संरक्षण मिला।
उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी या कांग्रेस इस तरह के मुद्दों पर बयान देती है, तो इसे राजनीतिक स्वार्थ से जोड़कर देखा जाना चाहिए। उनका उद्देश्य केवल हिंदू समाज के वोट हासिल करना है।
माघ मेले के विवाद की पृष्ठभूमि
प्रयागराज के माघ मेले में बटुकों की चोटी खींचे जाने की घटना के बाद शंकराचार्य और मुख्यमंत्री के बीच बयानबाजी तेज हुई थी। इस पूरे प्रकरण में केशव मौर्य लगातार शंकराचार्य के समर्थन में मुखर रहे हैं, जबकि शंकराचार्य ने उन्हें सरकार में ‘बिना पावर’ वाला बताया था।
2047 तक भाजपा सरकार का दावा
आगामी चुनावों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि विकास और सुशासन के आधार पर 2047 तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई भी गठबंधन भाजपा को डिगा नहीं पाएगा और आने वाले समय में इसका व्यापक परिणाम दिखाई देगा।
ALSO READ – प्री-वेडिंग शूट के लिए दुबई गए दूल्हा-दुल्हन फंसे, चंदौली के परिवार ने PM से लगाई मदद की गुहार
