Independence Day 2026: विधानभवन में CM योगी ने फहराया तिरंगा, पहली बार ‘वंदे मातरम्’ के बाद हुआ राष्ट्रगान

Spread the love & Share it

Independence Day 2026

Independence Day 2026: विधानभवन में CM योगी ने फहराया तिरंगा, पहली बार ‘वंदे मातरम्’ के बाद हुआ राष्ट्रगान 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में देशभक्ति का माहौल नजर आया। राजधानी लखनऊ स्थित विधानभवन परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण किया। समारोह में पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई।

ध्वजारोहण के बाद विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की लोक संस्कृति समारोह का हिस्सा बनी। बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के कलाकारों ने लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से पहुंचे कलाकारों ने भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियां दीं।

शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीदों के परिजनों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिवारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पारंपरिक धोती-कुर्ते में दिखाई दिए।

विधानभवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी तिरंगा फहराया।

देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के लिए ऐसी ताकतों के खिलाफ सतर्क रहने का संदेश दिया है।

योगी ने कहा कि गरीब, युवा, महिला और किसान देश के चार प्रमुख वर्ग हैं। इनके कल्याण पर केंद्रित योजनाओं और प्रयासों से समाज के विकास को गति दी जा सकती है।

योगी बोले- यूपी में 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। उन्होंने कहा कि सुशासन के मॉडल के चलते प्रदेश में 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन हुआ है।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस अवधि में बड़े उद्योगों की संख्या भी करीब ढाई गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय 22 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं, जबकि 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण का भी दावा

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों पर नियंत्रण का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं और बीमारी की रोकथाम को लेकर किए गए प्रयासों के परिणाम सामने आए हैं।

स्कूल ड्रॉपआउट दर में कमी का दावा

शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्कूलों की ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को उचित मानदेय उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया गया है। सरकार का जोर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों की स्कूलों में निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर रहा है।

तिरंगे के रंग में रंगा पूरा उत्तर प्रदेश

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। घरों, दुकानों, सरकारी और निजी इमारतों पर तिरंगा लहराया गया। प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे से सजाया गया।

कई जिलों में ध्वजारोहण कार्यक्रम, तिरंगा यात्राएं और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक आयोजन किए गए। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न में हिस्सा लिया।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *