
Chandauli News: चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव देखा। घटना सुबह करीब 7:30 बजे अमरसीपुर गांव के पास की है। शव मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अतायस्तगंज निवासी जसवंत यादव के रूप में हुई है। जसवंत का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। शव के पास बड़ी मात्रा में खून भी फैला हुआ था।
स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तुरंत शहाबगंज पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही थाना अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
ALSO READ – चंदौली में मिड-डे मील योजना में बड़ा घोटाला! पूर्व विधायक ने सभासद पर लगाया खाद्यान्न के गबन का आरोप