
चंदौली/बिहार : चंदौली एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही वेद प्रताप कुमार पर बिहार के नालंदा जिले में शनिवार सुबह बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की और फिर गोली चला दी। गोली सिपाही के पैर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद से न केवल उनके परिवार में दहशत का माहौल है, बल्कि पुलिस महकमे में भी सनसनी फैल गई है। चंदौली पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि वेद प्रताप वर्तमान में एंटी भू-माफिया सेल में तैनात हैं।
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार निवासी वेद प्रताप शुक्रवार को छुट्टी पर घर गए थे। शाम को जब वे अपनी स्कॉर्पियो से बिहार शरीफ से गांव लौट रहे थे, तभी अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में बाइक हटाने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर बरसाकर नुकसान पहुंचाया।
अगले दिन यानी शनिवार सुबह जब वे जिम जा रहे थे, तभी वही बदमाश घात लगाकर बैठे मिले। बदमाशों ने पहले उन्हें रोककर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और फिर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी। इसके बाद हमलावरों ने उनकी बाइक को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घायल वेद प्रताप को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्थावां थाना पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
परिवार में दहशत का माहौल
इस हमले के बाद से वेद प्रताप का परिवार बेहद डरा हुआ है। परिवार का कहना है कि छुट्टी में घर आए बेटे पर इस तरह का हमला बेहद चिंताजनक है। वहीं, चंदौली पुलिस और बिहार पुलिस इस मामले में समन्वय बनाकर कार्रवाई में जुटी हुई है।
ALSO READ – पारिवारिक कलह से टूटा हौसला, चंदौली में चार बच्चों के पिता ने फांसी लगाकर दी जान