आलू-प्याज की आढ़त में चोरों ने किया हाथ साफ, 40 हजार लेकर फरार, CCTV भी तोड़ा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा कस्बे में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक आलू-प्याज की आढ़त में शटर तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद समेत नकदी पेटी और संदूक चोरी कर लिया। इतना ही नहीं चोर दुकान में लगा सीसीटीवी भी तोड़ दिया। अंधेरा होने के कारण डीवीआर और एक कैमेरा चोरों की नजर से बच गया।

नागेपुर गांव निवासी सुरजीत सिंह रिंकू की जय मां दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी नाम से सकलडीहा रजवाहा के पास आलू-प्याज की थोक दुकान है। शुक्रवार को करवा चौथ का त्योहारी दिन होने के कारण सुरजीत ने दुकान जल्दी बंद कर दी और कर्मचारी के भरोसे घर चले गए। कर्मचारी ने दुकान बंद कर चाबी भी सुरजीत को सौंप दी थी।

रात लगभग 11 बजे के आसपास चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने संदूक और नकदी पेटी उठा ली और मौके से फरार हो गए। चोरी से पहले चोरों ने दुकान में लगे एक CCTV कैमरे को तोड़कर सबूत मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन अंधेरा होने की वजह से दूसरा कैमरा और DVR बच गया, जिसमें कुछ फुटेज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सुबह जब दुकानदार सुरजीत दुकान पहुंचे तो उन्होंने शटर टूटा देखा। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और संदूक गायब था। चोरी का एहसास होते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुकानदार को थाने जाकर लिखित शिकायत देने की सलाह दी।सुरजीत सिंह ने सकलडीहा कोतवाली में तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

कोतवाल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि टीम को जांच में लगाया गया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

ALSO READ- सकलडीहा में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, बिना सूचना हटाने पर भड़के लोग


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *