
Chandauli News: चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के सेमर साधोपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला, जो दो बच्चों की मां है, अचानक 3.5 लाख रुपये नकद और 22 हजार रुपये के गहने लेकर घर से गायब हो गई। महिला का पति, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है, ने थाने में तहरीर देकर अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पति ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं – एक आठ साल का बेटा और तीन साल की बेटी। पत्नी घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करती थी। पति का कहना है कि वह अपनी पूरी सैलरी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करता था, ताकि घर का खर्च आराम से चल सके। लेकिन दशहरे के कुछ ही दिनों बाद, 22 अक्टूबर की शाम को वह अचानक घर से 3.5 लाख रुपये नकद और 22 हजार रुपये के गहनों के साथ फरार हो गई।
पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी और मोबाइल पर किसी से बातचीत करती थी। घटना वाले दिन दोपहर के बाद से वह घर से बाहर गई और फिर वापस नहीं लौटी। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के गांवों में तलाश के बावजूद महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
इसके अलावा, पीड़ित ने बताया कि 28 अक्टूबर को उसे एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा फोन आया, जिसमें चेतावनी दी गई कि यदि उसने कोई कार्रवाई की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से पति मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस महिला की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।