कौन थे DSP सत्यपाल सिंह, जिनका नाम लेकर PM मोदी ने जंगलराज पर साधा निशाना?

Spread the love & Share it

Bihar Chunav 2025

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सहरसा की रैली में विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने अपने संबोधन में बिहार के 90 के दशक के दौर को याद करते हुए कहा कि जब “जंगलराज” था, तब ईमानदार अफसरों को अपराधियों का सामना करना पड़ता था। इस दौरान पीएम मोदी ने शहीद डीएसपी सत्यपाल सिंह का नाम लेकर उनकी शहादत को श्रद्धांजलि दी।

ईमानदार अफसरों को जान गंवानी पड़ी थी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- हमारे सहरसा के बहादुर डीएसपी सत्यपाल सिंह जी जंगलराज वालों को ठीक कर रहे थे। लेकिन यह बात पटना में बैठे आरजेडी के आकाओं को पसंद नहीं आई, और उन्हें अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी। PM मोदी के इस बयान ने एक बार फिर उस बहादुर पुलिस अधिकारी की याद ताजा कर दी, जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान कोसी के अपराधियों के खिलाफ मोर्चा लिया था।

कौन थे डीएसपी सत्यपाल सिंह?

डीएसपी सत्यपाल सिंह सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के पहले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) थे। वे अपनी ईमानदारी, सख्ती और निडर कार्रवाई के लिए जाने जाते थे। 90 के दशक में जब कोसी क्षेत्र में अपराध का साम्राज्य फैला हुआ था, सत्यपाल सिंह अपराधियों के लिए खौफ का नाम बन गए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वे हर चुनौती को डटकर सामना करते थे और कभी दबाव में नहीं आते थे। उनकी कार्यशैली के कारण वे आम जनता के बीच “जनपुलिस अधिकारी” के रूप में जाने जाते थे।

कैसे हुई थी शहादत

यह घटना साल 1998 की है। तत्कालीन डीएसपी सत्यपाल सिंह को सूचना मिली कि सलखुआ थाना क्षेत्र के नोनहा चमराही टोला में कई कुख्यात अपराधी छिपे हुए हैं। सत्यपाल सिंह तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए मुठभेड़ शुरू कर दी। भीषण गोलीबारी के बीच उन्होंने कई अपराधियों को ढेर किया, लेकिन इस दौरान वे स्वयं भी गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर बाद, उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए शहादत दे दी। उनकी शहादत ने पूरे पुलिस महकमे और राज्य प्रशासन को हिला दिया था।

मुख्य आरोपी ‘कमांडो’ को मिली सजा

इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद उर्फ ‘कमांडो’ को पुलिस ने कई वर्षों बाद गिरफ्तार किया था। लंबे ट्रायल के बाद अदालत ने उसे सजा सुनाई। उस दौर में यह मामला राजनीतिक संरक्षण और अपराधियों के गठजोड़ की मिसाल बन गया था।

PM मोदी ने दिलाया नए बिहार का भरोसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का बिहार बदल चुका है – अब बिहार में जंगलराज नहीं, जनताराज है। कानून के डर से अपराधी भाग रहे हैं, और विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उस दौर को याद रखें जब ईमानदार अफसरों की जान चली जाती थी और अब के सुरक्षित व विकसित बिहार की तुलना करें।

ALSO READ – अब नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन, घर बैठे करिए आधार कार्ड अपडेट, जानिए आसान तरीका


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *