
Chandauli News: चंदौली के राज रसोई रेस्टोरेंट में बिल भुगतान को लेकर हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। रेस्टोरेंट के संचालक धर्मेंद्र सिंह और उनके बेटे पर दो युवकों की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 4 नवंबर की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बजहा निवासी प्रिंस सिंह और आलोक सिंह राज रसोई रेस्टोरेंट में भोजन करने गए थे। खाना खाने के बाद जब दोनों युवकों ने बिल चुकाने की कोशिश की, तो कथित रूप से उनसे भोजन के हिसाब से अधिक पैसे मांगे गए। युवकों ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि रेस्टोरेंट के मालिक धर्मेंद्र सिंह ने प्रिंस सिंह को थप्पड़ मार दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि धर्मेंद्र सिंह का बेटा, रेस्टोरेंट के वेटर और कुक भी मारपीट में शामिल हो गए। दोनों युवकों की जमकर पिटाई की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रेस्टोरेंट मालिक ने पीड़ितों को धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कार्रवाई की है।
सदर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह और उनके बेटे के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ – वाराणसी आएंगे आज PM मोदी: 8 नवंबर को चार वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी