Chandauli News: बरहनी ब्लॉक में गड़बड़ी का आरोप! समाजसेवी ने कहा- RTI दबाई जा रही है, जांच कराएं DM साहब

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में विकास कार्यों की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल उठाते हुए रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव और समाजसेवी मृत्युंजय सिंह दीपू ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने बरहनी ब्लॉक प्रमुख व संबंधित अधिकारियों पर मनमानी और अपारदर्शिता के गंभीर आरोप लगाते हुए एक विस्तृत पत्रक सौंपा और लंबित जनसूचना तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।

दीपू ने बताया कि जनता की मांग पर 11 जुलाई 2024 को आरटीआई के माध्यम से बरहनी ब्लॉक में वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक कराए गए सभी सरकारी विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया था। इसमें परियोजना-वार भुगतान विवरण, निविदा से जुड़ी सभी फाइलें और हर कार्य का ब्योरा शामिल था। हालांकि, कई महीनों के इंतजार के बाद भी विभाग ने अभी तक कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।

समाजसेवी ने आशंका जताई कि सूचना रोकने से यह स्पष्ट होता है कि विकास कार्य ठेकेदारों की मनमानी के भरोसे चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं में निम्न गुणवत्ता और नियमों के विपरीत कार्य कराने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं।

मृत्युंजय सिंह दीपू ने जिलाधिकारी से मांग की कि बरहनी ब्लॉक के सभी विकास कार्यों का लेखा-जोखा सार्वजनिक कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय सीमा में जनसूचना नहीं दी गई, तो उनकी समिति प्रशासनिक स्तर पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने को बाध्य होगी।

ALSO READ – RSS शताब्दी वर्ष: घर–घर संपर्क अभियान की शुरुआत, समाज से जुड़ाव पर फोकस


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *