
Chandauli News: चंदौली जिले को जल्द ही अपना पहला आधुनिक बस स्टेशन और डिपो मिलने जा रहा है। 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बस अड्डे की डिजाइन तैयार हो गई है। यह बस स्टेशन चंदौली जिला मुख्यालय के पास 1.552 हेक्टेयर (करीब 4.5 एकड़) भूमि पर तैयार किया जाएगा। निर्माण का कार्य सीएंडडीएस को सौंपा गया है और उम्मीद है कि नए साल की शुरुआत में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
चंदौली में बस अड्डे की कमी अब होगी दूर
अब तक चंदौली जिले में परिवहन निगम का कोई बस अड्डा मौजूद नहीं था। चंदौली डिपो की सभी बसें वाराणसी के गोलगड्डा बस अड्डे (काशी डिपो) में खड़ी होती थीं, जबकि 53 बसों का संचालन कैंट बस अड्डे से किया जाता है। इससे यात्रियों और परिवहन विभाग दोनों को असुविधा होती रही है।
भूमि चिह्नित, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
पिछले वर्ष जिला मुख्यालय के पास बस स्टेशन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर परिवहन निगम को हस्तांतरित की गई थी। 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभुनारायण सिंह ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) में कुछ संशोधन करने के निर्देश भी दिए।
डिजाइन फाइनल, संशोधित DPR अगले हफ्ते
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (चंदौली डिपो) उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि बस स्टेशन की विस्तृत डिजाइन तैयार कर ली गई है। अगले सप्ताह संशोधित DPR भेज दी जाएगी, जिसके बाद टेंडर और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ALSO READ- चंदौली में गौतस्करी पर पुलिस का एक्शन, दो पिकअप से 12 गौवंश बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार