प्लॉटिंग विवाद में पूर्व सैनिक की हत्या, बिहार में मारी गोली, चंदौली में अंतिम संस्कार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नेकनामपुर गांव निवासी 52 वर्षीय पूर्व सैनिक राजेश यादव की मंगलवार सुबह बिहार के रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद उन पर फायरिंग की।

गंभीर रूप से घायल राजेश यादव को आनन-फानन में चंदौली जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, सेना से सेवानिवृत्ति के बाद राजेश यादव बिहार में कुछ लोगों के साथ मिलकर प्लॉटिंग के व्यवसाय से जुड़े थे। मंगलवार सुबह वह प्लॉटिंग से संबंधित कार्य के सिलसिले में ही चेनारी प्रखंड गए थे, जहां यह वारदात हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार रात शव उनके पैतृक गांव नेकनामपुर लाया गया, जहां रात करीब 10 बजे बलुआ गंगा घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

राजेश यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्लॉटिंग से जुड़े पैसों का विवाद प्रतीत हो रहा है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

ALSO READ – कोर्ट ले जाते समय छीनी दरोगा की पिस्टल, चंदौली में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश निहोर मुसहर घायल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *