चांदी के सिक्कों का झांसा देकर लाखों की ठगी! चंदौली में शातिर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चांदी के सिक्के सस्ते दाम पर देने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का चंदौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बुधवार को चकिया कोतवाली क्षेत्र के मगरौर पुल के पास कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, कुछ चांदी के सिक्के और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

फोन कॉल से शुरू होती थी ठगी की साजिश

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह पांच सदस्यीय संगठित गिरोह था, जो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लोगों को फोन कर खुद को सोना-चांदी का व्यापारी बताता था। गिरोह का मुख्य सदस्य पिंटू गिरी सस्ते दाम पर चांदी के सिक्के देने का झांसा देकर ग्राहकों को विश्वास में लेता और मिलने के लिए बुलाता था। मौके पर चांदी के कुछ सिक्के दिखाकर सौदा पक्का कराया जाता था।

पैसे लेते ही फरार हो जाते थे ठग

जब ग्राहक बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के खरीदने को तैयार हो जाते, तो ठग तय स्थान पर नकद पैसे ले लेते थे और थोड़ी देर में पूरा माल देने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो जाते थे। इसी तरह 28 नवंबर को मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के भेवर गांव निवासी धीरज मौर्य से दो लाख रुपये की ठगी की गई थी।

खंडहर में बांटे जा रहे थे ठगी के पैसे, तभी दबिश

पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य मगरौर पुल के पास एक खंडहरनुमा कमरे में ठगी के पैसों का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार और फरार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भभुआ जिले के चांद थाना क्षेत्र के खरौली गांव निवासी पिंटू गिरी, शहाबगंज के गयापुर निवासी सोहन और अस्तायगंज निवासी चंद्रदेव के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपियों में चकिया कोतवाली क्षेत्र के अर्जी खुर्द गांव निवासी शिवराज चौहान उर्फ रोहित और गयापुर निवासी शिवचरन शामिल हैं।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य ठिकानों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सस्ते दाम पर सोना-चांदी देने के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

ALSO READ – हाईवे पर जानलेवा हमला: चंदौली में ग्राम प्रधान गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का केस


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *