
Chandauli News: चंदौली जिले में घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया गांव के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रही हाइवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तत्काल नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI), एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, NHAI कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से कई घंटे की मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
घायल चालक को हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से चंदौली के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान 22 वर्षीय मोहसिन अली के रूप में हुई है, जो हरियाणा के इंडिगो कोठी का निवासी बताया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और NHAI की मदद से सुचारू कराया गया। घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
ALSO READ – चांदी के सिक्कों का झांसा देकर लाखों की ठगी! चंदौली में शातिर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार