
Varanasi News: वाराणसी के कैंट इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े कार सवार युवकों की दबंगई ने शहरवासियों को हैरान कर दिया। मामूली विवाद के बाद एक बाइक कार में फंस गई और कार सवार उसे घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर दूर अर्दली बाजार पुलिस चौकी तक ले गए। सरेआम हुए इस घटनाक्रम को देखकर राहगीर और दुकानदार दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंदौली के एक ब्लॉक प्रमुख का बेटा अपने दोस्तों के साथ लक्जरी कार से यूपी कॉलेज परिसर पहुंचा था। वहां कार चालक ने कॉलेज के दो छात्रों की बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद कार चालक मौके से भागने लगा। छात्रों ने पीछा कर कुछ दूरी पर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन तभी कार चालक ने रफ्तार बढ़ा दी।
इस दौरान बाइक कार में फंस गई, लेकिन चालक ने बिना रुके कार दौड़ाना जारी रखा। बाइक घसीटती हुई अर्दली बाजार पुलिस चौकी तक पहुंची, जहां कार रुकी। बाइक फंसी होने के कारण सड़क पर चिंगारियां उठने लगीं। गुस्साए लोगों ने कार का शीशा तोड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस कार्रवाई से पहले ही दोनों पक्षों के परिजन चौकी पहुंच गए और आपसी समझौता हो गया। पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर न देने के कारण कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
दिनदहाड़े कानून को चुनौती देने वाली यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी रही और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर गई।
ALSO READ – नए साल से पहले काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, विश्वनाथ धाम से घाटों तक भक्तों की रिकॉर्ड भीड़