बनारस बार चुनाव परिणाम: अध्यक्ष विनोद शुक्ल, उपाध्यक्ष सतीश यादव, और महामंत्री सुधांशु मिश्रा विजयी

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: वाराणसी के अधिवक्ताओं के प्राचीनतम संगठनों में शुमार बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में नया नेतृत्व चुना गया है। अध्यक्ष पद पर विनोद कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष पद पर सतीश कुमार यादव और महामंत्री पद पर सुधांशु मिश्रा ने जीत दर्ज कर अधिवक्ता समुदाय का विश्वास हासिल किया है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कचहरी परिसर में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।

अध्यक्ष पद पर हुए बेहद करीबी मुकाबले में विनोद कुमार शुक्ल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरविंद कुमार राय को मात्र आठ मतों से पराजित किया। वहीं महामंत्री पद पर भी रोचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें सुधांशु मिश्रा ने धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव को 36 मतों से शिकस्त दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शशांक शेखर त्रिपाठी ने जीत दर्ज की।

रविवार को मतगणना समाप्त होने के बाद एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट अमरनाथ शर्मा ने सभी विजयी प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। मतगणना स्थल के बाहर अध्यक्ष और महामंत्री पद को लेकर पूरे दिन कांटे की टक्कर के चलते समर्थकों में खासा रोमांच बना रहा। परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयों का तांता लग गया।

उल्लेखनीय है कि बनारस बार एसोसिएशन के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था, जिसमें 76.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 5,613 मतदाताओं में से 4,312 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार की सुबह 8 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें शुरुआती रुझानों में अध्यक्ष पद पर अरविंद कुमार राय और महामंत्री पद पर धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव आगे रहे, लेकिन अंतिम चरण में बाज़ी पलट गई।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सतीश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष पद पर प्रेम शंकर चौहान और संयुक्त मंत्री (प्रशासन) पद पर संदीप कुमार मौर्य निर्वाचित हुए। वहीं संयुक्त मंत्री (प्रकाशन व पुस्तकालय) पद पर सुशील कुमार और आय-व्यय निरीक्षक पद पर अजिताभ सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

करीब एक माह से चली आ रही चुनावी प्रक्रिया के बाद बनारस बार एसोसिएशन को नया नेतृत्व मिला है। अधिवक्ता समुदाय को उम्मीद है कि नव-निर्वाचित पदाधिकारी संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों और अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा करेंगे।

ALSO READ – 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप: यूपी की धमाकेदार शुरुआत,तेलंगाना की महिलाओं ने रचा इतिहास


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *