3 साल के बेटे की मौत का सदमा नहीं झेल पाया पिता, चंदौली में 27 वर्षीय युवक ने दी जान

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खोचवा (रामपुर) गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रविवार देर रात पारिवारिक कलह और गहरे मानसिक तनाव से जूझ रहे 27 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अजीत कुमार पुत्र रामचंदर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार बीते कुछ समय से गंभीर अवसाद में था। बताया गया कि कुछ दिन पहले ही उसके तीन वर्षीय मासूम पुत्र की आकस्मिक मौत हो गई थी। इकलौते बेटे को खोने का सदमा वह सहन नहीं कर पा रहा था और तभी से वह चुप-चुप रहने लगा था। पुत्र वियोग का दर्द उसकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाल रहा था।

इसी के साथ उसके वैवाहिक जीवन में भी तनाव बना हुआ था। पत्नी से संबंधों में खटास के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक कलह और बेटे की मौत के दोहरे आघात ने अजीत को अंदर से तोड़ दिया। रविवार रात जब घर के अन्य सदस्य सो रहे थे, तभी उसने एकांत में यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

घटना की जानकारी होते ही परिजन उसे आनन-फानन में जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में सुरक्षित रखवाया और सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक तनाव और गहरे सदमे के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। जवान बेटे की मौत से मृतक के वृद्ध माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ALSO READ – वाराणसी: कनियल फूल का बीज खाने से तीन बच्चियों की मौत, गांव में मचा कोहराम


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *