
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 79.5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक के जरिए गांजा वाराणसी से बिहार ले जा रहा था।
पुलिस को यह सफलता आलमपुर नहर के पास चेकिंग अभियान के दौरान मिली। मुखबिर की सूचना पर अलीनगर पुलिस ने पंचफेड़वा रिंग रोड पुल के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक (UP65 ET 0688) को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के डाले और ड्राइवर केबिन के बीच बने रैक से 37 बंडलों में भरा 79.5 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपचन्द्र (50 वर्ष) निवासी बहेवा, थाना बिधूना, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाहन स्वामी के निर्देश पर गांजा उड़ीसा से गाजीपुर होते हुए बिहार ले जा रहा था।
अलीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस सफल अभियान को प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें अलीनगर थाना और संबंधित चौकियों की टीम शामिल रही।
ALSO READ – वाराणसी के कबीरचौरा SSPG में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जानिए क्या-क्या होंगी सुविधाएं