
Chandauli News: नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर पंचायत क्षेत्र के मझवार रेलवे स्टेशन के पास ओवरटेक के दौरान डंपर ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डंपर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जेसीबी की मदद से चालक को सुरक्षित केबिन से बाहर निकाला। घायल चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने एक तरफ से वाहनों को निकालकर स्थिति सामान्य कराई।
बताया गया कि वाराणसी की ओर से आ रहा डंपर (BR 45 GB 0847) बिहार जा रहा था, जिसने ट्रक (RJ 07 GG 2779) को पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने डंपर चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
ALSO READ – डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ की सतर्कता, अजमेर–सियालदह एक्सप्रेस से 8 नाबालिग सुरक्षित बचाए