
Chandauli News: चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने साधु का भेष धारण कर महिलाओं से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी संतान प्राप्ति का झांसा देकर पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठगते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को सिद्ध साधु बताकर महिलाओं को अपनी बातों में फंसाते थे। वे संतान न होने की समस्या का समाधान करने का दावा करते और पूजा कराने के बहाने महिलाओं के आभूषण एक मिट्टी के घड़े में रखवा लेते थे। इसके बाद आभूषणों की जगह ईंट-पत्थर डालकर मौके से फरार हो जाते थे।
यह मामला तब सामने आया जब मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ओढ़वार (मालियान बस्ती) निवासी बेचू सैनी ने डायल 112 पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि दो तथाकथित साधु छह जनवरी से उनके घर पर ठहरे हुए थे और उनकी पत्नी सहित अन्य महिलाओं को संतान प्राप्ति का लालच देकर आभूषण और नकदी ले चुके थे।
शक होने पर पीड़ित ने जब मिट्टी के घड़े की जांच करवाई, तो उसमें गहनों की जगह ईंट और पत्थर मिले। इसके बाद आरोपी ठग आभूषण और नकदी लेकर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी किए गए आभूषण और नकदी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
ALSO READ – चंदौली में दीवानी न्यायालय भवन का 17 जनवरी को शिलान्यास, CM योगी होंगे शामिल