Chandauli News: करंट लगने से मासूम की मौत, हीटर से पानी गर्म करते समय हुआ हादसा

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ कस्बे में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालिका की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब बालिका नहाने के लिए हीटर से पानी गर्म कर रही थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।

मृतक बालिका की पहचान लकी (12) पुत्री अखिलेश के रूप में हुई है। वह सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र स्थित रिजूल गांव की निवासी थी और इन दिनों नौगढ़ कस्बे में अपने ननिहाल में रह रही थी। बताया गया कि बुधवार को वह रोजाना की तरह स्नान की तैयारी कर रही थी और पानी गर्म करने के लिए हीटर चालू किया था।

इसी दौरान अचानक हीटर में करंट फैल गया और लकी उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों ने तत्काल बिजली कनेक्शन काटकर उसे इलाज के लिए नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ने जांच के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ननिहाल पक्ष सहित आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर नौगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – चंदौली में फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से मारपीट, बुलेट शोरूम संचालक पर जान से मारने की धमकी का आरोप


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *