चंदौली में चाइनीज मांझे का कहर: 11 वर्षीय बच्चे की गर्दन कटी, मफलर ने बचाई जान

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के धानापुर ब्लॉक क्षेत्र में चाइनीज मांझे के खतरनाक इस्तेमाल का एक और गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार शाम खड़ान मोड़ के पास साइकिल से बाजार जा रहे 11 वर्षीय विष्णु रस्तोगी अचानक हवा में उड़ते चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझा उनके गले में लिपट गया, जिससे गर्दन में 4–5 इंच तक गहरा कट लग गया।

गनीमत रही कि विष्णु ने गले में मफलर लपेट रखा था, जिससे जानलेवा चोट होने से बच गई। घटना के बाद बच्चा लहूलुहान हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजन तुरंत घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर तीन टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार गर्दन में करीब एक इंच गहरा और तीन इंच लंबा घाव था, फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

विष्णु के पिता मनोज रस्तोगी ने बताया कि मफलर न होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से बाजारों में सघन जांच अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को बाहर भेजते समय सतर्कता बरतने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

ALSO READ – वाराणसी में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का पर्दाफाश, आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *