
Chandauli News: चंदौली में किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद और सपा के वरिष्ठ नेता रामकिशुन यादव के नेतृत्व में गढ़ई नदी की सफाई और चौड़ीकरण की मांग को लेकर पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के समापन पर पार्टी नेताओं और किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
रामकिशुन यादव ने कहा कि बीते मानसून में गढ़ई नदी के ओवरफ्लो होने से आसपास के इलाकों में हजारों एकड़ फसलें जलमग्न होकर नष्ट हो गईं। इसके बावजूद सरकार ने अब तक प्रभावित किसानों को कोई ठोस मुआवजा नहीं दिया है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। गढ़ई नदी की नियमित सफाई और चौड़ीकरण न होने के कारण हर साल किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही।
पूर्व सांसद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जनपद स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी। पदयात्रा में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सहित सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर गढ़ई नदी की सफाई, चौड़ीकरण और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग उठाई।
ALSO READ – चंदौली में भीषण सड़क हादसा: नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने मचाया तांडव, 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत