
Chandauli News: पटना से नई दिल्ली जा रही 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस में शनिवार रात बम होने की सूचना से अफरातफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर ट्रेन को रोककर सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद सूचना पूरी तरह अफवाह निकली।
बम की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। ट्रेन के डीडीयू जंक्शन पहुंचते ही उसे प्लेटफॉर्म नंबर चार पर रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की टीमें पहुंच गईं।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सीओ पीडीडीयू नगर अरुण सिंह, आरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट और जीआरपी अधिकारियों ने की। सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी एक्सप्रेस के सभी 16 कोचों की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
करीब तीन घंटे तक चली जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और बम की सूचना को झूठा करार दिया। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
बम की अफवाह के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल, झूठी सूचना देने वाले फोन नंबर की जांच जीआरपी और जिला पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ – मणिकर्णिका घाट विवाद CM योगी की दो टूक- काशी की विरासत और विकास को बदनाम करने की साजिश बर्दाश्त नहीं