
Gold Price Record High: कीमती धातुओं के बाजार में सोमवार को ऐतिहासिक तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पहली बार चांदी का भाव 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में मार्च वायदा चांदी 13,553 रुपये यानी 4.71% उछलकर 3,01,315 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
सोने ने भी मजबूती दिखाई। MCX पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना करीब 3,000 रुपये या 2% से अधिक चढ़कर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। चांदी 3% की तेजी के साथ 94 डॉलर प्रति औंस के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई, जबकि सोना 1.7% चढ़कर 4,673 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करता दिखा।
तेजी की बड़ी वजहें क्या हैं?
विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और संभावित ट्रेड वॉर की आशंका ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ दिया है। अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ते व्यापारिक टकराव, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता के कारण सोना-चांदी की मांग तेज हुई है।
इसके अलावा डॉलर की मजबूती और रुपये की कमजोरी ने घरेलू बाजार में कीमतों को और सहारा दिया है। कमजोर रुपया आयातित धातुओं को महंगा बनाता है, जिससे भारत में भाव तेजी से ऊपर जाते हैं।
औद्योगिक मांग भी दे रही सपोर्ट
विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी की औद्योगिक मांग, खासकर सोलर पैनल और इलेक्ट्रिक वाहनों में, लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि चांदी अब सिर्फ ज्वेलरी या निवेश तक सीमित नहीं रही, बल्कि इंडस्ट्रियल मेटल के तौर पर भी इसकी अहमियत बढ़ी है।
आगे क्या 4 लाख तक पहुंचेगी चांदी?
वेल्थ मैनेजमेंट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव बना रहता है और रुपये पर दबाव कम नहीं होता, तो चांदी का भाव इस साल के अंत तक MCX पर 4 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है। हालांकि, निकट अवधि में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन लंबी अवधि का रुझान अब भी मजबूती का बना हुआ है।
निवेशकों के लिए रणनीति
विशेषज्ञों की सलाह है कि मौजूदा माहौल में सोना-चांदी को गिरावट पर खरीदने की रणनीति अपनाई जाए। अस्थिर बाजार में ये दोनों धातुएं अब भी सबसे भरोसेमंद ‘सेफ-हेवन एसेट’ मानी जा रही हैं।
ALSO READ – RTE Admission 2026-27: UP में प्राइवेट स्कूलों की 25% सीटों पर दाखिले का शेड्यूल जारी, 2 फरवरी से आवेदन