
Chandauli News: चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लापता इलेक्ट्रीशियन का शव उसके किराए के कमरे के पास स्थित कुएं में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाल की मदद से शव को बाहर निकलवाया। युवक बीते तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के कुंडा निवासी अतुल तिवारी के रूप में हुई है। वह नौगढ़ स्थित रिलायंस बायो एनर्जी प्लांट में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत था और चकचोइया गांव में एक मकान में किराए पर रह रहा था।
17 जनवरी की शाम से था लापता
कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि अतुल 17 जनवरी की शाम करीब 7:45 बजे कमरे से बाहर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। सहकर्मियों और दोस्तों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः रविवार को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
सुबह ग्रामीणों ने कुएं में देखा शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने कमरे के पास स्थित कुएं में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और शिनाख्त की।
हादसा या साजिश? हर एंगल से जांच
क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह मामला दुर्घटना है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
ALSO READ – RTE Admission 2026-27: UP में प्राइवेट स्कूलों की 25% सीटों पर दाखिले का शेड्यूल जारी, 2 फरवरी से आवेदन