2027 की तैयारी में सपा का बड़ा मंथन, अखिलेश ने सांसदों से मांगी विधानसभा रिपोर्ट

Spread the love & Share it

Samajwadi Party 2027 Election

Samajwadi Party 2027 Election: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी सांसदों की अहम बैठक कर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को धार दी। बैठक में लोकसभा के 37 और राज्यसभा के 4 सांसद शामिल हुए। अखिलेश यादव ने सभी सांसदों से अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा 37 सांसद ही 2027 में सत्ता परिवर्तन की नींव रखेंगे। बैठक के बाद सपा सांसद ज़िया उर रहमान बर्क ने बताया कि पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे और सामूहिक प्रयास से सपा सरकार बनाने की दिशा में काम कर रही है।

लखनऊ कैंट पर सपा का फोकस, ब्राह्मण चेहरों को सौंपी जिम्मेदारी

इसी क्रम में सपा ने लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की निगरानी के लिए पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व मंत्री तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय को प्रभारी नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी को भेजे गए पत्र के माध्यम से सौंपी गई।

दोनों नेताओं को फॉर्म 6, 7 और 8 से जुड़े कार्यों को पूरा कराने और आपत्तियों के निस्तारण की जिम्मेदारी भी दी गई है। लखनऊ कैंट ब्राह्मण बहुल सीट मानी जाती है, जहां 2022 में भाजपा के ब्रजेश पाठक ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में सपा द्वारा ब्राह्मण चेहरों को आगे करना 2027 के चुनावी संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बरेली जिला कार्यकारिणी भंग, संगठन में सख्ती

संगठनात्मक मजबूती के तहत सपा ने बरेली जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अखिलेश यादव के निर्देश पर जिला अध्यक्ष समेत पूरी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। सूत्रों के अनुसार जल्द नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें समाजवादी विचारधारा से जुड़े पुराने कार्यकर्ता को नेतृत्व सौंपा जा सकता है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, ये कदम सपा द्वारा 2027 के चुनाव से पहले संगठन को अनुशासित और मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा हैं।

ALSO READ – चंदौली में जमीन घोटाला: मानसिक रूप से अक्षम युवक के नाम पर फर्जी बैनामा, प्रशासन में हड़कंप


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *