चंदौली में कुएं से युवक का शव बरामद, 3 दिन से था लापता; गांव में मचा हड़कंप

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक कुएं से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान प्रभुपुर निवासी प्रिंस कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीते 19 जनवरी से लापता था।

गुरुवार सुबह ग्रामीण टहलने के लिए गांव के बाहर पहुंचे थे, तभी उन्होंने कुएं में शव उतराया हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

परिजनों ने बताया कि प्रिंस कुमार 19 जनवरी को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसी दिन परिवार ने बलुआ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उस समय भी कुएं में तलाश की थी, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

प्रिंस दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता उमाशंकर खरवार मुंबई में सिलाई का काम करते हैं और बेटे के लापता होने की जानकारी मिलते ही बुधवार रात गांव लौटे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां चंदा देवी और बड़े भाई अनुज कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

ALSO READ – डीडीयू जंक्शन पर दिल दहला देने वाला हादसा, मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ते ही जिंदा जला व्यक्ति


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *