SIR में पारदर्शिता और निष्पक्षता अनिवार्य, सकलडीहा पहुंचीं सांसद साधना सिंह

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: पार्टी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) कार्यों की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद राज्यसभा सांसद साधना सिंह चंदौली जनपद के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं। उन्होंने धरहरा गांव स्थित एक बूथ पर चल रहे SIR कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और कार्यप्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से मतदाता सूची अद्यतन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। उन्होंने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर यह भी जाना कि SIR कार्यों के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है।

राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से ही मतदान का अधिकार सुनिश्चित होता है, इसी उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से समय रहते आवश्यक दस्तावेज BLO को उपलब्ध कराने और SIR कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के बाद सांसद ने सकलडीहा के उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर और तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव से मुलाकात कर SIR कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली। अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यों, अब तक की उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दी।

साधना सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए SIR कार्यों की निरंतर निगरानी करती रहेंगी।

इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष राघव सिंह, ग्राम प्रधान धरहरा अमित सिंह, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान, अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

ALSO READ – Uttar Pradesh Diwas: हर जनपद को मिलेगा अपना व्यंजन, अमित शाह – CM योगी ने किया ODOC लॉन्च


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *