
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस रंगारंग कार्यक्रमों और जोश-ओ-खरोश के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और देश तथा प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि पिछले 76 वर्षों की इस यात्रा में हमारे संविधान ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। इन सबके बावजूद, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के अनुरूप उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक प्रत्येक भारतवासी के गौरव तथा अखंडता के लक्ष्य को साकार करते हुए हम एक नए भारत का दर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत के स्वाधीनता आंदोलन ने अमर स्मृतियां प्राप्त कीं। सीएम ने प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल, क्रांतिकारियों के सिरमौर नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित देश के उन सभी महान सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सीएम के संबोधन पर जोरदार तालियां बजाईं। पूरे प्रदेश में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड और शौर्य प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं, जो देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहे हैं। यह दिन न केवल संविधान की महत्ता को याद करने का है, बल्कि एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराने का भी है।
ALSO READ – Padma Awards List 2026: धर्मेंद्र समेत 5 को पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 114 पद्मश्री विजेताओं की पूरी लिस्ट
