
Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज स्थित खुशबू किन्नर के मकान में हुए विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को रिमांड पर लिया और उसकी निशानदेही पर हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पुलिस टीम आरोपी को जिला कारागार से लेकर सराय गांव पहुंची, जहां गंगा नदी के पक्का पुल के नीचे झाड़ियों में छुपाकर रखे गए एक पिस्टल और विस्फोट में प्रयुक्त जिलेटिन रॉड को बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल जाने से पहले उसने सभी सामान को वहीं छुपा दिया था।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले मोहरगंज क्षेत्र में खुशबू किन्नर के मकान में बम लगाकर विस्फोट किया गया था, जिससे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इस मामले में पुलिस ने सराय गांव निवासी विकास सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन उस समय विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री बरामद नहीं हो सकी थी।
बरामदगी के लिए पुलिस ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी दी थी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार के साथ अनंत कुमार भार्गव, सुभाष कुमार गौतम, जमीलुद्दीन खान, यशवंत सिंह, राजबहादुर सरोज और अनुराग गुप्ता शामिल रहे।
ALSO READ – चंदौली पुलिस में प्रशासनिक बदलाव, एसपी आदित्य लांग्हे ने बदले 5 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र
