रील का जुनून पड़ा भारी: चंदौली में चलती बाइक से वीडियो बनाते युवक की मौत, 12 वर्षीय भांजा गंभीर

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। जनपद के नेशनल हाईवे पर चलती बाइक से वीडियो बनाते समय हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान मिर्जापुर जनपद के अहरौरा निवासी मनीष (22) के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर सवार भांजा संजीत (12), निवासी ककरवत, भी था। दोनों किसी काम से बाइक से जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष चलती बाइक पर मोबाइल फोन से वीडियो (रील) बना रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से हट गया और तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजीत को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जगदीश सराय गांव के पास दो लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हुए, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बालक की हालत गंभीर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

मनीष की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल की खतरनाक सच्चाई उजागर करता है।

ALSO READ – UPI Rules 2026: PhonePe–GPay–Paytm यूजर्स ध्यान दें, UPI के नए नियम जानना जरूरी


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *