
Chandauli News: सिविल बार एसोसिएशन, चंदौली के वार्षिक चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। शनिवार को नामांकन के दूसरे और अंतिम दिन न्यायालय परिसर में खासा गहमागहमी देखने को मिली। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ फूल-मालाएं पहनकर और नारेबाजी करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे पूरे परिसर में चुनावी माहौल बना रहा।
दो दिनों तक चली नामांकन प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला तय हो गया है। इस पद के लिए डॉ. वीरेंद्र सिंह और मनोज कुमार सिंह आमने-सामने होंगे, जिससे चुनाव रोचक हो गया है।
महामंत्री पद के एक पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें आशुतोष कुमार मिश्र, संदीप कुमार यादव, सत्यप्रकाश और अरुण मिश्रा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
उपाध्यक्ष (कनिष्ठ) के दो पदों के लिए अनिल कुमार, कांति भूषण सिंह और अनिल मौर्य ने नामांकन किया है। वहीं, उपाध्यक्ष (दस वर्ष से ऊपर) के दो पदों पर अमित कुमार त्रिपाठी और चंदन सिंह निर्विरोध मैदान में हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद पर लवकुश कुमार पटेल ने नामांकन दाखिल किया है। संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए अजय कुमार और इमरान प्रत्याशी हैं, जबकि कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए समीर आलम फारूखी ने पर्चा भरा है।
नामांकन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चुनाव अधिकारी कपिल देव सिंह, कामता प्रसाद यादव, विनोद कुमार सिंह, सफीक एडवोकेट और शासकीय अधिवक्ता शशि शंकर सिंह की अहम भूमिका रही। अब निगाहें नाम वापसी और मतदान प्रक्रिया पर टिकी हैं।
ALSO READ – ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत? नेटफ्लिक्स की ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर सड़क से संसद तक बवाल क्यों