
Chandauli News: सैयदराजा थाना पुलिस ने ऐलही गांव में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्मार्टफोन, सोने का लॉकेट, चांदी का पायल और नकदी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने 25 जनवरी की रात वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
राजा बाजार के पास संदिग्ध हालत में पकड़े गए आरोपी
पुलिस को जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक राजा बाजार के आसपास घूम रहे हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 4600 रुपये नकद, एक स्मार्टफोन, सोने का लॉकेट और चांदी का पायल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की।
ऐलही गांव में 25 जनवरी की रात हुई थी चोरी
गौरतलब है कि 25 जनवरी की रात ऐलही गांव निवासी प्रियंका देवी के घर चोरों ने धावा बोला था। घर से एक स्मार्टफोन, छह हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पूछताछ में नाबालिग की संलिप्तता भी आई सामने
जांच के दौरान एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई, जिसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। हालांकि, कानून के तहत उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
वाराणसी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाराणसी जनपद के भेलूपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रियांशु चौरसिया और राजेश मौर्य के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, अनिल कुमार यादव, राजीव शुक्ला और अजय सिंह राणा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।
ALSO READ – वाराणसी से 40 करोड़ की कफ सिरप तस्करी, 3 इनामिया समेत 5 गिरफ्तार