जर्जर सड़कें, गंदगी और पानी का संकट: मुगलसराय की बदहाली पर सपा का पालिका घेराव

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: मुगलसराय की बदहाल नागरिक सुविधाओं और लगातार बढ़ती जनसमस्याओं के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में सोमवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय के बाहर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना समाप्त होने के बाद सपा के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने जर्जर सड़कों, जलनिकासी व्यवस्था की बदहाली, गंदगी, पेयजल संकट, खराब स्ट्रीट लाइटें, बढ़ता मकान टैक्स और अन्य नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद जनसमस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं : सपा

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि मुगलसराय नगर की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़ी बुनियादी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी जिलेभर में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।

मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते नागरिक मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और सपा जनता की आवाज बनकर संघर्ष को और तेज करेगी।

अनदेखी हुई तो आंदोलन होगा और व्यापक

पूर्व चेयरमैन मुसाफिर चौहान ने नगर की सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चरमराई बताया। नगर अध्यक्ष सोनू चौहान ने कहा कि जनसमस्याएं दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष तस्लीम अंसारी ने प्रशासन से जनसमस्याओं के प्रति गंभीर रुख अपनाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि अनदेखी जारी रही, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ALSO READ – Chandauli News: सैयदराजा पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, मोबाइल और जेवर बरामद


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *