
Chandauli News: सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सेवखर खुर्द, राउतपुर और सेवखर कला गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला कारागार के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपते हुए अधिग्रहण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सेवखर गांव के मौजा क्षेत्र में जिला कारागार के लिए लगभग 63 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जो तीन गांवों के छोटे और सीमांत किसानों की एकमात्र आजीविका का साधन है। इस भूमि पर निर्भर सैकड़ों परिवार खेती कर अपना जीवनयापन करते हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि यदि जमीन अधिग्रहित की गई तो वे पूरी तरह भूमिहीन हो जाएंगे और उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित क्षेत्र की जमीन अत्यंत उपजाऊ है, जहां हर साल अच्छी पैदावार होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जिला कारागार के लिए किसी अनुपजाऊ या वैकल्पिक क्षेत्र में भूमि चिन्हित की जाए। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि गांव के समीप कारागार बनने से जल निकासी बाधित होगी, जिससे क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी रही, तो वे आमरण अनशन सहित बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में प्रमोद यादव, इंद्रबली, संतोष यादव, बद्री सिंह, उमाशंकर सिंह, रामकृत यादव, बब्बन राम, राजेंद्र प्रसाद गोंड, सुभाष शर्मा, रामा यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ALSO READ – महंगाई-बेरोजगारी गायब! राज्यपाल के भाषण से नाखुश मायावती, सरकार पर साधा निशाना