वाराणसी के होटल में भाई-बहन की संदिग्ध मौत, जहर खाने की आशंका

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परेड कोठी के पास स्थित सिटी इन होटल में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक भाई और बहन के शव होटल के कमरे से बरामद किए गए। दोनों की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक भाई-बहन हैदराबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, युवक और युवती 8 फरवरी को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के उद्देश्य से वाराणसी पहुंचे थे और सिटी इन होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार को जब लंबे समय तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और मोबाइल कॉल का कोई जवाब नहीं मिला, तो होटल कर्मचारियों ने सिगरा पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो दोनों के शव कमरे में जमीन पर पड़े मिले। शवों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से नशीली दवाओं या जहर से संबंधित पत्ते भी बरामद हुए हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका और प्रबल हो गई है।

पुलिस ने दोनों के आधार कार्ड की जांच की, जिसमें पिता का नाम एक ही पाया गया, जिससे उनके भाई-बहन होने की पुष्टि हुई। दस्तावेजों के अनुसार दोनों का स्थायी पता हैदराबाद के सिकंदराबाद क्षेत्र का है, हालांकि बताया गया कि वे बीते करीब 12 वर्षों से वहां निवास नहीं कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चेतगंज, सिगरा थाना प्रभारी, रोडवेज चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन छानबीन में जुटी है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कमरे से कुछ नगदी और अन्य निजी सामान भी मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ALSO READ – बाराबंकी की जनसभा में गरजे सीएम योगी- कानून तोड़ोगे तो जहन्नुम तय है


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *