
Varanasi News: वाराणसी जिला कचहरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब देर रात करीब 1:30 बजे जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया तथा पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
धमकी भरे ई-मेल में कचहरी परिसर को विस्फोट से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तत्काल बैठक बुलाई। कई अधिवक्ताओं ने एहतियातन अपने-अपने चैंबरों की जांच शुरू कर दी और संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखी।
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बम निरोधक दस्ता (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की मदद से कचहरी परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
उधर, साइबर क्राइम सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है। तकनीकी जांच के जरिए आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा कारणों से कचहरी परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
ALSO READ – सिर्फ एक क्लिक और बैंक बैलेंस खत्म! वाराणसी मे 42.50 लाख उड़ाने वाला गैंग बेनकाब