
Chandauli News: साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम चंदौली की पुलिस टीम ने एक वांछित साइबर ठग को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम नामेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
11 फरवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना चंदौली की टीम ने सुधांशु राय उर्फ शुभम राय उर्फ झब्बू राय (26 वर्ष), निवासी मारुति नगर कॉलोनी, छित्तुपुर, थाना लंका, वाराणसी को नयापुरवा काली माता मंदिर क्षेत्र, थाना करेली, प्रयागराज से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त एक OPPO मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 01/2026 दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं, धोखाधड़ी, जालसाजी और दस्तावेजों से छेड़छाड़, सहित आईटी एक्ट की धारा 66 लागू की गई है।
ऐसे करता था ठगी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों को पैसों के बदले खरीदकर साइबर ठगी और अवैध लेन-देन में इस्तेमाल करता था। आरोपी के तीन अन्य साथी पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर वर्ष 2023 में वाराणसी के लंका थाने में डकैती और चोरी का माल रखने के आरोप में भी मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक हरिनारायण पटेल (प्रभारी साइबर क्राइम थाना), उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, कांस्टेबल संतोष यादव और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से अपील की गई है कि ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
ALSO READ – टोल प्लाजा टॉयलेट की शिकायत पर इनाम, गंदे टॉयलेट की फोटो भेजें और कमाएं 1 हजार रुपये