
Chandauli News: साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चंदौली पुलिस ने प्रदेश भर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनपद ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर 86.71 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि पुलिस की तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण मानी जा रही है।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चंद्रशेखर (आईपीएस) के पर्यवेक्षण में साइबर सेल की सक्रिय कार्यप्रणाली के कारण संभव हुई है।
333 शिकायतें, 60 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 में साइबर अपराध से जुड़ी कुल 333 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें साइबर ठगों ने ₹60,11,000 की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तत्काल तकनीकी कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित किया।
साइबर सेल की तेज और प्रभावी कार्रवाई के चलते ₹52,12,000 की बड़ी रकम को समय रहते होल्ड और लीन कराकर सुरक्षित करा लिया गया, जिससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिली।
यह उपलब्धि जिले की साइबर सेल की सतर्कता और तकनीकी क्षमता का मजबूत उदाहरण बन गई है।
पुलिस की अपील: तुरंत करें शिकायत, बच सकती है आपकी रकम
चंदौली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि
• किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें
• या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें
समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को वापस सुरक्षित कराया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, चंदौली पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आमजन की सुरक्षा तथा विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ALSO READ – डीडीयू जंक्शन पर बड़ा हादसा टला: कोयला लदी मालगाड़ी में उठने लगा धुआं, मची अफरा-तफरी