खस्ताहाल कंदवा-ककरैत मार्ग की बदलेगी तस्वीर, शासन ने दी 39 लाख की मंजूरी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: करीब पांच वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी कंदवा-ककरैत संपर्क मार्ग की अब तस्वीर बदलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से तैयार 39 लाख रुपये की कार्ययोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही लगभग दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। करीब सात वर्ष पहले इसकी मरम्मत कराई गई थी, लेकिन महज दो वर्ष में ही सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टियों के कारण बाइक और साइकिल सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे थे। इससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सड़क की मरम्मत होने से सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के असना, गौवाचावर, अदसड़, बकौड़ी, अरंगी, कुसी, बसंतपुर विसौरा और बहेरा समेत करीब 12 गांवों के लगभग 11 हजार लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

ग्रामीण लंबे समय से असना स्थित डीह बाबा मंदिर से गठवाचावर स्थित मां काली मंदिर होते हुए कंदवा-ककरैत तक संपर्क मार्ग के नवीनीकरण की मांग कर रहे थे। लोगों की समस्याओं को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने 39 लाख रुपये की योजना तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड चंदौली के अधिशासी अभियंता (XEN) राजेश कुमार ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों का सफर सुरक्षित और सुगम हो जाएगा, साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

ALSO READ – महाशिवरात्रि पर वाराणसी में रूट डायवर्जन लागू, मैदागिन से गोदौलिया तक नो व्हीकल जोन


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *