Noida double death mystery : WhatsApp मैसेज से खुला राज, मरने से पहले प्रेमी ने भेजा था आखिरी मैसेज

Spread the love & Share it

Noida double death mystery

Noida double death mystery: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-107 स्थित दादरी रोड पर कार के अंदर युवक और युवती की संदिग्ध मौत के मामले में जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। शुरुआती अटकलों के बीच पुलिस अब इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। इस बीच मृतक युवक के मोबाइल फोन से मिले एक व्हाट्सएप मैसेज ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक सुमित कुमार के फोन से एक व्हाट्सएप संदेश बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए रेखा को जिम्मेदार ठहराया है। मैसेज में सुमित ने लिखा था कि दोनों पिछले 15 वर्षों से रिश्ते में थे और शादी करने वाले थे, लेकिन अब रेखा किसी और से शादी करने जा रही है, जिससे वह गहरे आहत है। यह संदेश उसने अपने परिवार के सदस्यों को भेजा था।

इस मैसेज के आधार पर पुलिस को आशंका है कि सुमित ने पहले रेखा को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

यह घटना शनिवार, 14 फरवरी की दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। एक सफाई कर्मचारी ने सड़क किनारे खड़ी कार में दो लोगों को अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार के दरवाजे अंदर से बंद थे। शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था और मिनरल वाटर प्लांट का संचालन करता था। वह मंडल स्तर का क्रिकेटर भी रह चुका था। वहीं रेखा नोएडा के सलारपुर क्षेत्र की निवासी थी और एक निजी आईटी कंपनी में कार्यरत थी।

बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को करीब 15 साल से जानते थे और शादी करना चाहते थे। सुमित का परिवार इस रिश्ते के पक्ष में था, लेकिन अलग जाति होने के कारण रेखा के परिवार ने इस शादी से इनकार कर दिया था। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।

हाल ही में रेखा की कहीं और शादी तय होने की जानकारी मिलने के बाद सुमित मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी तनाव में उसने यह खौफनाक कदम उठाया हो सकता है।

फिलहाल इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ – महाशिवरात्रि पर वेदव्यास महादेव धाम में उमड़ी भारी भीड़, जलाभिषेक को लगी लंबी कतारें


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *