
Chandauli News: चंदौली जिले के जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल के शिक्षक की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जमानिया–सैयदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ककरैत गांव निवासी अजय राय के पुत्र आशुतोष राय (27) बरुइन स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे। मैतलाशपुर मोड़ के पास जमानिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आशुतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
मृतक आशुतोष अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उनकी मां बेहोश हो गईं। गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्का जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने ट्रेलर और चालक को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कंदवा थाना क्षेत्र के पास ट्रेलर और चालक को कब्जे में ले लिया। मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर और कई थानों की पुलिस पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास जारी है।
ALSO READ – लखनऊ घेराव से पहले वाराणसी में कांग्रेस नेताओं पर हाउस अरेस्ट