
Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में राहगीर से सोने का लॉकेट छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से छीना गया सोने का लॉकेट भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन डोम और राज रावत के रूप में हुई है। दोनों को मानस नगर तालाब जाने वाले रास्ते के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया।
16 फरवरी को दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 16 फरवरी की शाम हुई लूट की घटना कबूल की। पीड़ित अरविंद कुमार, जो धानापुर थाना क्षेत्र के बिझवल गांव के रहने वाले हैं, डीडीयू स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर पैदल चकिया तिराहे की ओर जा रहे थे।
जीटीआर ब्रिज के पास दोनों आरोपियों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने आनंद नेत्रालय से आगे मानसरोवर पोखरे की ओर जाने वाले रास्ते से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से लूटा गया लॉकेट बरामद हुआ।
महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे लूट
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाते थे। छीने गए सामान को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। इस कार्रवाई में मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह समेत पुलिस टीम के कई सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ALSO READ – बाइक से स्कूल जा रहे शिक्षक को ट्रेलर ने रौंदा, ग्रामीणों का हाईवे किया जाम