
Chandauli News: जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने गुरुवार देर रात पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया। इस आदेश के तहत छह थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, जबकि एक दर्जन उपनिरीक्षकों का भी तबादला किया गया है। अचानक हुए इस प्रशासनिक बदलाव से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
इस फेरबदल के बाद खास तौर पर गैर जनपद से आए दो उपनिरीक्षकों को सीधे थाने की जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसे पुलिस प्रशासन की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
कई थानों को मिले नए प्रभारी
जारी तबादला सूची के अनुसार, नौगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव को महिला सहायता प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह प्रमोद कुमार यादव को नौगढ़ थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, सैयदराजा थानाध्यक्ष बिंदेश्वर पांडेय को हटाकर अशोक कुमार मिश्र को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में चंदन राय को इलिया थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि इलिया के पूर्व थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह को बलुआ थाने का निरीक्षक नियुक्त किया गया है। राजीव मल्ल को कंदवा थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रियंका सिंह को कंदवा से स्थानांतरित कर शहाबगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
उपनिरीक्षकों के तबादले से भी बदली तैनाती
उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है। अलीनगर थाने में तैनात एसआई राम सिंह को शहाबगंज भेजा गया है, जबकि एसआई राकेश कुमार राय को इलिया थाने में नई तैनाती मिली है। राम भवन यादव को न्यायालय सुरक्षा में स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा, सैयदराजा के एसआई मारकंडेय सिंह को धरौली चौकी प्रभारी, जयकरन सरोज को कमालपुर चौकी प्रभारी और रामसेवक यादव को अलीनगर थाना भेजा गया है। सुनील कुमार को सैयदराजा थाना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस लाइन से राजेंद्र प्रसाद को सकलडीहा कोतवाली, सूरज को औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी और अजय कुमार शर्मा को डेढ़ावल चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अभिमन्यु राय को सकलडीहा और संजय कुमार सिंह को मुगलसराय कोतवाली में तैनात किया गया है।
प्रशासनिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा फैसला
पुलिस अधीक्षक के इस फैसले को जिले की कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए तैनात अधिकारियों से बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।
ALSO READ – शंकराचार्य का CM योगी पर बड़ा हमला- कालनेमि कौन है, देश को बताइए