
Varanasi News: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित नगवां के रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी-2 टीम और एसीपी मुख्यालय के नेतृत्व में हुई छापेमारी में तीन युवतियों, एक ग्राहक, होटल संचालक और दो दलालों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गेस्ट हाउस में लंबे समय से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इसके बाद एसीपी अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में एसओजी टीम सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंची और रिसेप्शन पर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में ही होटल संचालक ने युवतियों की मौजूदगी और अवैध गतिविधियों की पुष्टि कर दी।
इसके बाद टीम ने गेस्ट हाउस के कमरों की तलाशी ली। एक कमरे का ताला खुलवाने पर युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में मौजूद लोग ग्राहकों को लाने वाले दलाल निकले। गिरफ्तार युवकों में वाराणसी, चंदौली और आजमगढ़ के युवक हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गेस्ट हाउस में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी “इंडियन और रशियन” युवतियों का लालच देकर बुलाया जाता था। पुलिस ने जब होटल के रजिस्टर की जांच की तो उसमें युवतियों की कोई एंट्री दर्ज नहीं मिली। कमरे से आपत्तिजनक सामग्री और शक्तिवर्धक दवाएं भी बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने सीज कर लिया है।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार युवतियों में दो पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं, जिन्हें कुछ दिन पहले ही वाराणसी लाया गया था। पुलिस सभी आरोपियों को लंका थाने ले आई, जहां एसओजी दरोगा की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
ALSO READ – Use Our AI Stack बयान से मचा बवाल: क्या भारत दोहराएगा IT सेक्टर की पुरानी कहानी?