
Bihar News: एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब स्टेज पर बैठी दुल्हन को उसके ही पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और शादी समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय आरती कुमारी मंगलवार रात अपनी शादी की रस्में निभा रही थीं। वह अपने होने वाले पति के साथ स्टेज पर बैठी थीं और परिजन व मेहमान शादी की रस्मों में शामिल थे। इसी दौरान एक पारिवारिक परंपरा निभाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही रस्म आगे बढ़ी, मेहमानों की भीड़ में खड़ा एक युवक अचानक स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन पर गोली चला दी।
नाभि के पास लगी गोली, मच गया हड़कंप
गोली आरती के पेट में नाभि के पास लगी। तेज संगीत बजने के कारण शुरुआत में किसी को गोली चलने का अहसास नहीं हुआ, लेकिन जब दुल्हन खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं तो मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग उन्हें संभालने में जुट गए, जबकि कई मेहमान डरकर कार्यक्रम स्थल से भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर नकाब पहनकर आया था और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
एकतरफा प्रेम में वारदात का आरोप
परिजनों ने आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में की है, जो पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह आरती से एकतरफा प्रेम करता था और लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से लड़की का पीछा कर रहा था। यहां तक कि पहले तय हुई शादी को भी उसने बाधित करवा दिया था।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके माता-पिता को हिरासत में लिया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद बलिया से आई बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ALSO READ – चंदौली में 40 लाख की अवैध शराब जब्त, होली पर खपाने की थी तैयारी, दो तस्कर गिरफ्तार